Monday, December 1, 2014

भगवान का दर्द

                                                                भगवान का दर्द

‘‘वो ईश्वर वो खुदा-वो कोई एक शक्ति..। वो जिसके दम से हममे दम है..हममे सांस है़..हममे आवाज़ है उसने इस दुनिया को बनाया हर ज़र्रे में वो समाया है।’’
और आज पूरे विश्वास, आस्था और श्रृद्धा के साथ हम ऐसा मानते भी हैं और हमें उस ऊपरवाले से बेहद प्यार भी है।
‘‘प्यार’’- किसी इंसान से हो तो मोहब्बत या दिलीतौर पर बेहद नज़दीकी रिश्ता और यही प्यार अगर भगवान से हो तो उनमें आस्था और विश्वास के साथ उनसे जुड़ा रहता है, सुरक्षा का एहसास, दिली सुकून और वो सब अच्छा करेगें बेहतर करेंगे ऐसी उनसे उम्मीद’’।
अब प्यार के इस दो पैरामीटर में बेहद ही पेचिदा सा एक नुक्स एक अलग नज़रिये से सामने नज़र आता है, जो मैं आपसे बांटना चाहूंगा। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम मिलकर इसके बेहतर नतीजे पर पहुंचेगें।
जब कोई एक इंसान किसी दूसरे इंसान से जरूरत से ज्यादा प्यार करता है तब एक और एहसास पनपता है जिसे हम फिक्र कहते हैं और गड़बड़ तब होती है जब उस फिक्र का कद इतना बढ़ जाए कि उठते-बैठते, खाते-पीते, सोते-जागते ये फिक्र दख़़ल में तब्दील हो जाए, तब वो प्यार सांस लेने में तकलीफ करने लगता है और फिर एक बेहद कोमल और बेहतर रिश्ते में ख़लल या कहें दरार पड़ जाती है और अगर सही समय पर इस दरार की मरम्मत दिमाग के मिस्त्री से न कराया जाए तो हालात बद् से बद्तर हो सकते हैं।
बस उस अज़ीमो-नज़ीम ऊपरवाले से प्यार के मामले में मसला और मकसद बदल जाता है। अब चूंकि वो तो ईश्वर है वो सर्वशक्तिमान है। वो सब कुछ बदलने का माद्दा रखते हैं, तो उनके साथ फिक्र का इमोशन नहीं जुड़ सकता।
लेकिन जब मोहब्बत करने वाले इंसान में फिक्र की दखलअंदाज़ी शरीक हुई तो फिक्र करने वाला इंसान अपनी जगह हमेशा की तरह सही था क्योंकि उस पर प्यार का ख़ुमार  इस कदर था कि वो सामने वाले की घुटन को भांप तक नहीं पाया।
ऐसा ही कुछ ईश्वर के मामले में हमसे हो जाता है। हमारे ईश्वरीय प्यार में आस्था का अंधकार इतना घना होता है कि एक अंजाना सा अंधविश्वास एक ऐसी दीवार बनाता है जो दिल और दिमाग के बीच इतना फासला ले आता है कि हममे सही और गलत का फासला बढ़ जाता है। शायद ये इसलिए भी हुआ क्योंकि हम ईश्वर की तरफ से बेफिक्र थे। जो जायज़़ है लेकिन आपको पता है इस बेफ़िक्री का परिणाम क्या हुआ।
अंजाने में ही हम भगवान को दर्द दे बैठे।
आम तौर पर हममें से हर कोई उस ऊपरवाले को किसी न किसी रूप में स्वरूप में अपने आस-पास रखना चाहता है मसलन अच्छे विचारों के लिए,अपनी सुरक्षा या अपनी तरक्की के लिए हर व्यक्ति में भगवान को अपनाने में अपने अलग मायने और ज़रूरतें हैं। इसलिए हमारे ईश्वर-गले के हार, कंगन, अंगूठी से निकलकर हमारी गाड़ियों की की-चेन्स, प्रिन्टेड कपड़े और दूसरे गेजेट्स के रूप में हमारे समक्ष हैं जिन्हें बनाने वाले और अपनाने वाले हम हैं, हमने उनकी मूरत को अपने लिए अपने ढंग से पिरो लिया है।
अब हम हालात की संजीदगी को अगर समझे तो सर्वशक्तिमान, शिव के अंश अवतार-जिन्हें अजर-अमर रहकर इस कलियुग के अंत तक रहने और हम पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखने का वरदान प्राप्त है।
यही कारण है ये सभी के प्रिय हैं। लेकिन आजकल हमने इन्हें अलग स्वरूप में अपनाया हुआ है। ये हमारी नई-पुरानी फोर-व्हीलर में ‘‘सेन्टर रिव्यू मिरर’’ के नीचे हवा में लटके हुए दिख जायेगे।
वो ठोस प्लास्टिक के सिन्दूरी रंग या (नारंगी रंग) के ,हाथ में गदा लिए हुए ,हवा में झूलते हुए ,मुस्कुराते हुए हमें हर दर्द मुश्किलों से बचाने के लिए वो सदा अपना आशीर्वाद हमारे सर पर रखते है।
अब जरा सोचिए एक अंजानी सी आस्था की हल्की सी अंधविश्वासी परत महसूस की क्या आपने?
चलिए हम फिर से आगे के शब्द आराम-आराम से पढ़ते हैं, एक ठोस प्लास्टिक को हनुमान जी का स्वरूप दिया गया उनको सजाया गया ,हाथ में गदा उनके चेहरे पर मुस्कुराहट-फिर उनकी पीठ पर एक लोहे की कील से छेद किया गया फिर उसमें एक लटकन भी लगा दी गई अब जब तक गाड़ी चलेगी तब तक वो अनायास ही इधर उधर टकराते रहेंगे।
यहां अहम मुद्दा ये है कि हमारे यहां हर धर्म में...जहां ईश्वर के होने का संकेत होता है उस जगह को हम पवित्र मानते हैं उसे साफ-सुथरा और महफूज़ रखते है और अगर किसी तरह का ईश्वरीय चिन्ह हमारे साथ या हमारे पास होता है तो हम उसे बेहद सहेज कर रखते हैं वो आंखों के सामने हो लेकिन सुरक्षित हो क्यों ये सही है न फिलहाल इस बात को इस तरह से इस नज़रिये से समझने के बाद-क्या हमें विचार करना चाहिए या नहीं ? क्या हमें महसूस करना चाहिए (भगवान का दर्द)?
ये हमारे लिए तब और भी जरूरी है जब हम उनमें सच्ची और वास्तविक आस्था रखते हो।

                                                             
                                                                                                     एक प्रायस -  रितेश कुमार निश्छल 

Tuesday, April 15, 2014

भूल गए हम ..दागी का दाग.?


                                        
                                                                    भूल गए हम ..दागी  का दाग.?

याद है आपको - हम क्या भूल गए ?..ऐसी कई घटनाएं हमें हमारी जिंदगी में याद रह जाती है जो एक भूल की वजह से घट गई थी.लेकिन  कभी- कभी  कुछ भूल ऐसी होती है जिनकी भरपाई हम आने वाले समय में नहीं कर पाते..भूलना- एक बीमारी,एक आदत या एक गलती. इन सब के अलावा हमारा देश इस समय एक ऐतिहासिक घनाक्रम से गुजर रहा .अपने आस-पास कुछ तजुर्बेकार लोगो से टी.वी न्यूज़ चैनल्स पर और अखबारों में ये देखने सुनने और पढ़ने को मिल रहा है की इस बार के चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है ये देश के बदलाव का चुनाव है. लेकिन कहीं कहीं कुछ ऐसा जरूर है जो हम देख कर भी अनदेखा कर रहे है,जो सच सामने है उसे भूलने की और नजरअंदाज करने की  कोशिश कर रहे है.हो सकता है इसमें हमारा निजी स्वार्थ छिपा हो लेकिन देश में अमन चैन स्वार्थ से नहीं हर किसी के सम्मान से बना रहता है. तो क्या हम इस बार फिर किसी दागी का दाग भूल जायेंगे.जो टिकट मिलने के बाद खुद के कारनामो को खादी से लपेट कर हमारे सामने हाथ जोड़े खड़े होंगे.
वैसे मुझे इतना जरूर विश्वास है की उस ईश्वर ने हमे जो वरदान स्वरुप भूलने की जो क्षमता हमे दी है वो गजब है..हम बड़ी से बड़ी त्रासदी , अपनों से मिले दुःख या कोई अप्रिय घटना को कुछ समय बाद खुद को समझाते हुए-खुद से लड़ते हुए भूल ही जाते है क्युंकि हमे जिंदगी में आगे बढ़ना होता है और हमसे जुडी होती है कुछ जिम्मेदारिया जिसके लिए हम खुद की जिंदगी को रोक नहीं सकते.
तो जब हम इतना जानते है और ये समझते है तो फिर क्यों हम उन्हें चुनते है जो उस सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकते है जिससे वो हमारे माध्य्म से अपने निजी फायदे चाहते है.हम जानते है कई ऐसे लोग अगर सिस्टम में रहते है तो वो सब बुरी तरह बढ़ेगा जिसे हम रोकने के लिए वोट करेंगे.
हम  भूल गए है पिछले बीस-तीस सालो में घटे उन बड़े घोटालो को जिससे आज तक हमारे देश की अर्थव्यवस्था जूझ रही है और खोखली हो गई.क्युंकि हर बार किसी दागी ने हमारे टैक्सेज और हमारे लिए बनाई हुई योजनाओ से बनाया है अपने लिए काले धन का साम्राजय जिन्हे हमने वोट देकर जिताया था.
हमारे लोकतंत्र में चुनाव एक उत्सव माना जाता है इतिहास फिर खुद को दोहरा रहा है और ये हर पांच सालो में अपने आपको दोहराता है.लेकिन हम हर बार  इसे खुद के लिए आने वाली त्रासदी की  तरह मानते है जिसके जिम्मेदार हम खुद होते है.और अपने हाथो से खोदे हुए उस गड्ढे को अगले पांच सालो तक ये कहते हुए भरते है की भूल से ये भूल हो गई जिसे हमे भूल जाना चाहिए .
लेकिन ख़ुशी इस बात की है की पहले से अब फर्क मालूम होता है  अपने अंदर एक उम्मीद का और उस जज्बे को जगाने का जो  अपनी बात पर अडिग रहकर बदलाव चाहता है वो उम्मीद हममे से हर किसी में जागी है हममें से हर किसी ने अपनी अहमियत को एक पहचान देना शुरू कर दिया है.कुछ को अभी भी शंका है इस बदलाव शब्द और उसकी परिभाषा पर.हममें से ही कुछ बदलना नहीं चाहते कुछ को बदलने दिया नहीं जा रहा.कुछ अविश्वास से भरे है और कुछ ये कहते हुए नहीं थकते की सिस्टम में कितनी खामियां है इस देश का कुछ नहीं हो सकता और ये कहते ही वो कुछ लोग भी अनजाने में इस बिखरते टूटते सिस्टम का हिस्सा बन जाते क्युंकि वो कुछ उन कोशिश करने वाले लोगो को भी तोड़ देते है जो सिस्टम से उम्मीद रखते है और सिस्टम के लिए कुछ करना चाहते है.
आपको पता है  अब तक सात से आठ बार कुछ शब्द का प्रोयग हो चुका है बस हममे से जो ये कुछ है इन्ही में या कहे हम ही में सब कुछ छिपा है..अब तक  जहां-जहां चुनाव हो चुके है वहां-वहां वोटिंग का बढ़ता प्रतिशत तो यही कह रहा है की बदलाव चाहिए ..और बदलाव हमें कौन दिला सकता है ये हम जानते है कम से कम एक दागी नेता तो बिल्कुल नहीं क्युंकि हम एकजुट होकर एक सही व्यक्ति से सही बदलाव की उम्मीद कर सकते है.
वैसे हमें शुक्रगुजार होना चाहिए आज की प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और  चुनाव आयोग का जो हम आम नागरिको तक हर तरह का  प्रयास करके इस अहम चुनाव में पारदर्शिता और जागरूकता बनाये रख पा रहे है जिससे हम सही चुनाव कर पाये.तो शायद इस बार ये विश्वास जागता है की लोकतंत्र का जादू चल रहा है. तो चलिए इस  विश्वास और नए जज्बे के साथ होने वाले चमत्कार को नमस्कार करते है. जिसे हम मिलकर करने वाले है यानि बदलाव.और हाँ- हम वही है जो इतिहास बदलेंगे भी और बनाएंगे भी.